चंबा। भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम द्वारा जिला के वृद्धों और दिव्यांग जनों को विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। यह उपकरण राष्ट्रीय जल विद्युत निगम की कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी योजना के तहत दिए जाएंगे। इसके लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा 10 मार्च से जिलेभर में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिनमें छड़ी, कृत्रिम दांत, कान की मशीन और व्हीलचेयर शामिल हैं।
चंबा तहसील के लिए शिविर का आयोजन 10 मार्च को पंचायत समिति हाल चंबा, भटियात और डलहौजी तहसीलों के लिए 11 मार्च को आंबेडकर भवन चुवाड़ी, सलूणी तहसील के लिए 12 मार्च को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सलूणी जबकि चुराह तहसील के लिए 13 मार्च को लोक निर्माण विश्राम गृह तीसा के प्रांगण में शिविर लगेगा। लाभार्थी को अपने साथ रसीद और आधार कार्ड भी लाना होगा। अधिक जानकारी के लिए संबंधित तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय से भी संपर्क किया जा सकता है।