चुवाड़ी (चंबा)। भटियात क्षेत्र में मंगलवार की शाम को खड्ड में बहने से अधेड़ की मौत हो गई। बुधवार को चुवाडी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा। बताया जा रहा है कि मृतक ने खड्ड पार करने से पूर्व अपने घर में फोन पर बात करके जल्द घर पहुंचने की बात कही थी, लेकिन सुबह तक नहीं पहुंच पाया।
जानकारी के अनुसार कथेट पंचायत के गोधरा गांव निवासी व्यास देव पुत्र रिजा राम मंगलवार की शाम को दिहाड़ी लगाकर घर लौट रहा था। लोहाली खड्ड को पार करते वक्त पानी के तेज बहाव में बह जाने से उसकी मौत हो गई। अल सुबह तक व्यासदेव के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश आरंभ कर दी। इसके बाद सुबह खड़ड के एक छोर पर मृतक का शव बरामद हुआ। बता दें कि गरीब परिवार से ताल्लुक रखने वाला मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बेटे को छोड़ गया है। चुवाड़ी थाना पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।