चंबा। जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में अब हर माह 28 तारीख को मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया जाएगा। उपायुक्त ने बचत भवन में आयोजित अपराजिता मैं चंबा की कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सभी शिक्षण संस्थानों को इसके निर्देश दिए हैं।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालय स्तर पर प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए कहा।
सोमवार को बचत भवन चंबा में किशोरियों एवं महिलाओं में माहवारी स्वास्थ्य एवं व्यक्तिगत स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को लेकर मास्टर ट्रेनरों की प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। इसकी अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की। कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा विभाग तथा गैर सरकारी संगठनों के मास्टर ट्रेनरों ने हिस्सा लिया। डीसी ने कहा कि किशोरियों एवं महिलाओं में माहवारी से संबंधित समाज में प्रचलित गलत भ्रांतियाें को दूर करने के लिए जागरूकता गतिविधियां महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। उन्होंने जिले में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के लिए डीपीओ को कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। शिविरों में मास्टर ट्रेनरों की ओर से जानकारी के प्रचार-प्रसार को लेकर डीपीओ चंबा को विभिन्न विभागों के अधिकारियों से समन्वय बनाने को कहा। कहा कि आउटरीच कार्यक्रमों के लिए सामाजिक संगठनों का सहयोग लिया जाए। उपायुक्त ने जागोरी संस्था के प्रतिनिधियों को स्थानीय स्तर पर सेनेटरी पैड बनाने को लेकर संभावनाएं तलाशने को कहा। स्वास्थ्य विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रोहित कुमार, प्रचार अधिकारी छांगा राम, जागोरी संस्था से उमा देवी ने भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।