चंबा। वनों के सरंक्षण को लेकर राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुंडा की स्कूल प्रबंधन समिति ने अनूठा निर्णय लिया है। अब विद्यालय में परिसर में एक पौधा रोपित कर बच्चे का जन्मदिन मनाया जाएगा। जन्मदिन पर पौधा रोपने से बच्चा पौधे की देखरेख और उसके निरंतर बढ़ने का प्रतीक स्वयं बनेगा।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुंडा में सामुदायिक सहभागिता के तहत गिरी रेंज में कार्यरत वन मित्र ज्योति, आरती और चौकीदार शुक्रदीन ने पहुंच बच्चों को पेड़-पौधों के बारे में जानकारी देते हुए उनकी महत्ता बताई। साथ ही एक कविता के माध्यम से बच्चों को जागृत किया।
वन कर्मचारियों ने बच्चों से सवाल भी पूछे, जिनके जवाब बच्चों ने बाखूबी दिए। इससे पहले पाठशाला प्रबंधन समिति ने विभाग की ओर से आए कर्मचारियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। पाठशाला प्रभारी पवन कुमार और अध्यापक नेकराज ने वन विभाग की कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुंडा की प्राथमिक पाठशाला प्रबंधन समिति की अध्यक्षा कांतो देवी, कविता ठाकुर, छक्को देवी, कृष्णा, इंदिरा, सिनीति, रीना देवी, पिंकी देवी और हुमा देवी सहित अन्य मौजूद रहे।