चंबा। जिला चंबा में ई-केवाईसी की प्रतिशत बढ़ाने के लिए अब वार्ड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी की जाएगी। इस संदर्भ में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नियंत्रक ने निर्देश जारी कर दिए है। वार्डाें में इसके तहत शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जिला चंबा में अब तक मात्र 54 प्रतिशत राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी हुई है। तीन चरणों में अब तक ई-केवाईसी का ग्राफ उम्मीद के मुताबिक नहीं बढ़ सका है। पहले चरण में जहां प्रतिशत 38 थी तो वहीं, दूसरे चरण में बढ़कर यह प्रतिशत 51 पहुंची। वहीं, अक्तूबर में सिर्फ तीन प्रतिशत ही ई-केवाईसी हो सकीं। ऐसे में यह आंकड़ा अब तक 54 प्रतिशत तक पहुंचा है।
जिला चंबा के भरमौर और पांगी में ई-केवाईसी की प्रतिशत सबसे कम है। इसलिए अब विभाग की ओर से वार्ड स्तर पर ई-केवाईसी करवाने की पहल है। विभाग ने उचित मूल्य की दुकानों के संलाचकों को यह भी निर्देश दिएं है, जो सबसे अधिक प्रतिशत प्रस्तुत करेगा, उसे सम्मानित किया जाएगा।
कार्यवाहक जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि जिले में ई-केवाईसी की प्रतिशत बढ़ाने के लिए अब वार्ड स्तर पर डिपु होल्डर शिविर लगा सकते हैं। इसके बारे में डिपु होल्डरों को निर्देश जारी कर दिए है। इससे लोगों को आसानी से ई-केवाईसी करवाने की सुविधा मिलेगी।