पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में विभिन्न प्रशासनिक और अधिकारी अब बंक नहीं मार सकेंगे। बिना पूर्व सूचना से सीट से नदारद पाए जाने पर ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।इसे लेकर आवासीय आयुक्त पांगी रितिका जिंदल ने प्रशासनिक आदेश जारी किए हैं। प्रशासनिक अधिकारी की ओर से जारी किए गए आदेशों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतरीन सहूलियतें प्रदान करवाना है। गौरतलब है कि जनजातीय क्षेत्र पांगी तहसील का क्षेत्रफल 1601 वर्ग किमी में फैला हुआ है।
यहां पर आवासीय आयुक्त कार्यालय, विकास खंड अधिकारी कार्याल्य, लोक निर्माण विभाग, सिविल अस्पताल किलाड़ समेत विभिन्न विभागीय कार्यालय स्थित हैं। हर वर्ष सर्दियों के दौरान भारी बारिश और बर्फबारी के कारण छह माह के लिए पांगी क्षेत्र शेष दुनिया से पूरी तरह से कट जाता है। ऐसे में यहां पर अक्सर कुछेक विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के ड्यूटी से नदारद होने संबंधी शिकायतें प्रशासन के पास पहुंचती रहती हैं। ऐसे में अब पांगी में नए आवासीय आयुक्त के पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए प्रयास करना शुरू कर दिया है। आवासीय आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना पूर्व सूचना के ड्यूटी से नदारद न रहने के बारे में चेताया है। यदि कोई अपनी ड्यूटी से पहले सूचना के गायब पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।