तीसा (चंबा)। तीसा में सोमवार को खाद्य आपूर्ति नियंत्रण विभाग की टीम ने मेडिकल स्टोर, सब्जी मंडी और राशन की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल स्टोर में मास्क और सैनिटाइजर के रेट की जांच पड़ताल की गई। निरीक्षण के दौरान एक ही मेडिकल स्टोर में 120 सैनिटाइजर और 50 मास्क उपलब्ध मिले। अन्य मेडिकल स्टोर में मास्क और सैनिटाइजर नहीं मिले।
उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक को निर्देश दिए कि वे लोगों की आवश्यकता अनुसार मास्क और सैनिटाइजर मुहैया करवाएं। मेडिकल स्टोर का निरीक्षण करने के बाद टीम ने तीसा में लगने वाली सब्जी मार्केट और राशन की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सब्जी की तीन दुकानों से रेट लिस्ट गायब नजर आई। इसके चलते तीनों विक्रेताओं को नोटिस जारी किए गए।
साथ ही दुकानों में रेट लिस्ट लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ में हिदायत दी कि दोबारा निरीक्षण करने पर दुकानों में रेट लिस्ट नहीं मिली तो दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य एवं आपूर्ति निरीक्षक भूपेंद्र कुमार ने बताया कि बिना रेट लिस्ट के सब्जी बेचने वाले तीन दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। दुकानदारों को रेट लिस्ट लगाकर सब्जी बेचने के निर्देश दिए गए हैं। आदेेशों की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।