चंबा। रावी नदी में सीवरेज का गंदा पानी घुलने से फैल रहे प्रदूषण को रोकने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने जल शक्ति विभाग को नोटिस जारी किया है। इसमें विभाग को साफ हिदायत दी गई है कि सीवरेज लाइन और चैंबरों से हो रही लीकेज को तुरंत दुरुस्त करवाने की व्यवस्था की जाए अन्यथा बोर्ड नियमानुसार कार्रवाई करेगा।
रावी नदी में सीवरेज के गंदे पानी से हो रहे प्रदूषण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस मैदान बारगाह के साथ जलशक्ति विभाग का सीवरेज प्लांट है जहां से सीवरेज का गंदा पानी रावी नदी में घुल रहा है। इससे नदी का पानी दूषित हो रहा है जबकि इस पानी को लोग पीने के लिए भी इस्तेमाल करते हैं। सरकारी पेयजल योजनाओं के तहत रावी नदी के पानी को दूरदराज के गांवों तक पहुंचाया गया है। ऐसे में रावी नदी में घुल रही सीवरेज की गंदगी लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल सकती है।
जिला प्रशासन ने भी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को निर्देश दिए हैं कि नदी-नालों के पानी को दूषित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं बारगाह में रावी नदी में घुल रही सीवरेज की गंदगी को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पास काफी शिकायतें पहुंची थीं। इन शिकायतों की असलियत का पता लगाने के लिए बोर्ड की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया तो वहां पाया गया कि सीवरेज का गंदा पानी नदी में घुल रहा था। इसके चलते बोर्ड ने जलशक्ति विभाग को नोटिस जारी किया। इस नोटिस के अनुसार विभाग को 15 दिन के भीतर समस्या का समाधान करके बोर्ड को रिपोर्ट सौंपने को कहा है अन्यथा बोर्ड आगामी कार्रवाई भी कर सकता है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि जल शक्ति विभाग को नोटिस भेजा गया है। 15 दिन के अंदर विभाग नोटिस का जवाब देगा। उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।