चंबा। शहर के कुछ वार्डों में भवन मालिक घर-द्वार कूड़ा उठाने वालों का सहयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे भवन मालिकों पर नगर परिषद ने शिकंजा कस दिया है। नगर परिषद की ओर से डेढ़ सौ ऐसे भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए हैं, जो घर-द्वार कूड़ा लेने वाले कर्मचारियों को कूड़ा देने में आनाकानी कर रहे हैं।
नगर परिषद ने नोटिस जारी कर ऐसे भवन मालिकों से सहयोग मांगा है। नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि अगर भवन मालिक दोबारा सहयोग नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिजली और पानी के कनेक्शन भी अस्थायी तौर पर काटे जाने का प्रावधान है। नगर परिषद ने ठेकेदारों को आदेश दिए हैं कि वे शहर के विभिन्न वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा न देने वाले भवन मालिकों की सूची तैयार करें। अब तक हरदासपुरा और जुलाहकड़ी वार्ड में सर्वे पूरा हो चुका है, जहां करीब 150 भवन मालिक ऐसे हैं, जो नगर परिषद की इस योजना में सहयोग नहीं कर रहे हैं। जबकि, नप के अन्य नौ वार्डों में सर्वे जारी है।
गौरतलब है कि शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए नप ने डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्रित करने के लिए अभियान चला रखा है। भवन मालिकों से इसके लिए पचास, जबकि दुकानदारों से सौ रुपये मासिक लिए जा रहे हैं लेकिन, कुछ वार्डों में लोग इस अभियान में सहयोग नहीं कर रहे हैं। नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि दो वार्डों की ठेकेदारों ने सूची दे दी है। कहा कि कूड़ा न देने वाले भवन मालिकों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। कहा कि सभी लोग कूड़ा घर-द्वार पहुंचने वाले सफाई कर्मचारियों को दें, जिससे शहर कूड़ा मुक्त हो सके।