चंबा। जिले के एक सौ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च स्कूल प्रबंधकों को नोटिस भेजे गए हैं। यह कार्रवाई इसलिए की गई है कि स्कूलों में ड्रग जागरुकता क्लबों का गठन नहीं किया गया है। नोटिस जारी होने के बाद सात दिन में स्कूल प्रबंधकों को क्लब का गठन करना होगा। साथ ही इसकी सूचना विभाग के कार्यालय में भी देनी होगी। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि जो स्कूल प्रबंधक इन निर्देशों की अवहेलना करते हैं तो उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सख्त आदेश दिए हैं कि वे निर्देशों को तय समयावधि के भीतर पूरा करें। इन क्लबों का गठन करने का मकसद जिले के शिक्षण संस्थानों की परिधि के एक सौ मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाना है।
जानकारी के मुताबिक जिले के डेढ़ सौ स्कूल प्रबंधकों ने इन क्लबों का गठन कर लिया है जो नशा मुक्त मुहिम के तहत कार्य कर रहे हैं लेकिन एक सौ ऐसे स्कूल हैं जहां गठन नहीं हुआ है और विभाग को भी इसके बारे में सूचना नहीं दी गई है। क्लब का गठन स्कूल में विद्यार्थियों की तादाद के आधार पर किया जाएगा। इसमें स्कूल का एक अध्यापक नोडल ऑफिसर होगा। इसी तरह स्कूल के एनसीसी, एनएसएस और स्काउट एंड गाइड को क्लब में शामिल किया जाएगा स्कूली विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ जागरूक करेंगे। क्लब का कार्य स्कूल तक ही सीमित नहीं रहेगा बल्कि वे आसपास के क्षेत्र में जाकर भी जागरुकता फैलाएंगे। उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने खबर की पुष्टि की है।