खज्जियार (चंबा)। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत सिंगी में निर्माणाधीन दुनेड़ से खनियारू सड़क का कार्य कछुआ गति से चला हुआ है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि मरीजों को पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इसके बारे में वे संबंधित विभाग को भी अवगत करवा चुके हैं लेकिन, अभी तक निर्माण कार्य की गति में तेजी नहीं लाई गई है। इसके अलावा निर्माण के दौरान निकलने वाला मलबा खेतों में फेंका जा रहा है जिससे, उनके खेत भी बरबाद हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक दुनेड़ से गनोड़ी नाला-घनोला, दड़ोगा वाया खनियारू तक 108 एंबुलेंस सड़क योजना के तहत करीब 55 लाख रुपये का बजट जारी हुआ था। बजट मिलने के बाद विभाग ने ठेकेदार को कार्य सौंपा। करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण किया जाना है, जिससे करीब ढाई हजार की आबादी को सड़क सुविधा मिलेगी। गौरतलब है कि सात माह पहले सड़क का कार्य शुरू हुआ था लेकिन अभी तक यह कार्य पूरा नहीं हुआ है। ग्रामीणों सोनू कुमार, राम प्रसाद, मान सिंह, विपिन कुमार, जीवन कुमार, काकू राम, गौरी देवी, लता देवी आदि ने बताया कि सड़क निर्माण के दौरान मलबा खेतों में फेंका गया है, जिससे उनके खेतों को भी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांववासियों की मुश्किलें तब और बढ़ जाती हैं, जब किसी बीमार व्यक्ति को पीठ पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है।
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। इलके साथ ही खेतों में फेंका गया मलबा भी तुरंत हटाया जाए। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र ठाकुर ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि ठेकेदार को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए जाएंगे। साथ ही खेतों में फेंका गया मलबा भी हटाया जाएगा।