चंबा। जिले में कोरोना कर्फ्यू के दौरान बीज, खाद, कीटनाशकों और कृषि उपकरणों को निजी और सरकारी विक्रय केंद्रों में सुबह 10 से लेकर दोपहर एक बजे तक उपलब्ध करवाया जा रहा है। कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने बताया कि पिछले सालों में जिले में बीज की खपत को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष 1900 क्विंटल मक्की और 160 क्विंटल धान का बीज विभाग के माध्यम से उपलब्ध करवाया जा रहा है। विकास खंड तीसा के किसानों ने 15 दिन पहले ही मक्की बीज खरीद कर खेतों में बिजाई का कार्य शुरू कर दिया है।
लिहाजा, कृषि विभाग ने 600 क्विंटल मक्की का बीज तीसा में उपलब्ध करवा दिया। तीसा के ऊपरी क्षेत्रों में मक्की बिजाई का काम पूरा होने वाला है। जिले के अन्य विकास खंडों में भी मक्की बीज उपलब्ध करवाया गया है। बीज कृषि सहकारी सभाओं के माध्यम से भी किसानों को उपलब्ध करवाया जाता है। मक्की के सिंगल क्रॉस वाले बीज का मूल्य 104 रुपये, जबकि डबल क्रॉस वाले बीज का मूल्य 87 रुपये प्रतिकिलो है। लेकिन, सभी किसानों को दोनों प्रकार के मक्की के बीज पर 40 रुपये प्रति किलो की दर से अनुदान दिया जा रहा है।
बरसात में लगने वाली सब्जियों के बीज भी सभी किसानों के लिए कृषि विभाग के विक्रय केंद्रों में अनुदान पर उपलब्ध हैं। 1900 क्विंटल मक्की के बीज में से अब तक 1870 क्विंटल मक्की का बीज जरूरतमंद किसानों को अनुदान दर पर दिया गया है। इसी तरह भटियात उपमंडल में 160 क्विंटल धान का बीज आवंटित किया गया था। 70 क्विंटल शेष विक्रय के लिए उपलब्ध है। जवार का बीज 380 क्विंटल विभिन्न विक्रय केंद्रों के माध्यम से किसानों को उपलब्ध करवाया गया है। उपनिदेशक ने बताया कि लोगों की मांग पर नजदीकी विक्रय केंद्रों में बीज उपलब्ध करवाया जाएगा।