स्मार्ट मीटर से जुड़ीं विभिन्न शंकाएं दूर करने को लेकर आयोजित बैठक में गर्माया माहौल
शंकाओं और सुझावों को एक लिखित पत्र मांगा, उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा पत्र
उच्च अधिकारियों से जवाब आने तक बनीखेत में स्थगित रहेगा स्मार्ट मीटर लगाना
-
बनीखेत में स्मार्ट मीटर को लेकर बुलाई गई बैठक सवालों से ज्यादा सन्नाटे और असंतोष की गूंज बन गई। इसमेंं जवाबों से ज्यादा उलझनें सामने आईं। भरोसे की कमी और जल्दबाजी के आरोपों के बीच व्यापारियों ने साफ कर दिया कि बिना स्पष्टता के स्मार्ट मीटर उन्हें मंजूर नहीं। हालात ऐसे बने कि बिजली बोर्ड को कदम पीछे खींचते हुए मीटर लगाने की प्रक्रिया पर ही अस्थायी ब्रेक लगाना पड़ा।
-
नितिन पाल
बनीखेत (चंबा)। स्मार्ट मीटर से जुड़ीं शंकाओं को लेकर बिजली बोर्ड की स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठक में उस समय माहौल गर्मा गया जब व्यापारियों को उनके सवालों के अनुरूप जवाब नहीं मिल पाए। व्यापारियों के सवालों को भांपते हुए अधिकारी ने यू-टर्न लेते हुए आश्वस्त किया कि वे अपनी शंकाओं और सुझावों का लिखित पत्र दें। इसे उच्चाधिकारियों को भेजा जाएगा। अधिकारी से पत्र का जवाब न आने तक बनीखेत में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया स्थगित रहेगी।
दिन : शनिवार। समय : 3:00 बजे। स्थान : बनीखेत स्थित नाग देवता मंदिर का प्रांगण। स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर बोर्ड प्रबंधन और व्यापारियों में उत्पन्न विवाद के समाधान को लेकर बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पंकज राठौर, सहायक अभियंता इंद्रजीत वर्मा समेत व्यापार मंडल बनीखेत के प्रधान संजीव ठाकुर पहुंचे। बैठक स्थल पर बनीखेत के दुकानदार, व्यापारी, ग्रामीणों समेत करीब 50 लोग मौजूद रहे। व्यापार मंडल के प्रधान संजीव ठाकुर ने कहा कि लोगों को विश्वास में लिए बिना स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। सहायक अभियंता इंद्रजीत वर्मा ने कहा कि प्रबंधन के आदेशों पर ही बनीखेत में स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं। स्थानीय निवासी विजय कुमार ने कहा कि प्रबंधन शार्ट नोटिस में स्मार्ट मीटर लगा रहा है। कायदे से स्मार्ट मीटर के बारे में बताना चाहिए कि मीटर प्री-पेड या पोस्ट पेड रहेंगे। बिलिंग संबंधी भी शंकाएं जाहिर कीं। एसडीओ ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता जरूरत के हिसाब से पोस्ट या प्री-पेड मीटर में से कोई भी विकल्प चुन सकते हैं। समय : 3:30 बजे। सुरजीत अरोड़ा ने सवाल पूछा कि यदि कोई घरपर मौजूद न हो तो स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कर्मी घर पहुंच जाते हैं। ऐसे में मीटर न लगने पर उन्हें नोटिस जारी कर दिया जाता है। एसडीओ ने कहा कि स्मार्ट मीटर लगाने से पूर्व बता दिया जाता है। समय : 4:00 बजे। सहायक अभियंता इंदरजीत वर्मा ने व्यापारियों से कहा कि वे अपनी सभी शंकाओं और सुझावों को एक लिखित प्रतिनिधित्व के रूप में बोर्ड को दें। जिसे उच्च अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता पंकज राठौर ने आश्वासन दिया कि उच्च अधिकारियों से जवाब आने तक स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया स्थगित रखी जाएगी।
परिचर्चा
-
स्मार्ट मीटर की कीमत कौन वहन करेगा, क्या यह किस्तों में ली जाएगी या निशुल्क होगी, इस पर अभी तक कोई स्पष्टता नहीं है। - बलवंत ठाकुर, अधिवक्ता
बिना विश्वास में लिए जबरदस्ती स्मार्ट मीटर लगाना उपभोक्ताओं के अधिकारों पर सीधा हमला है। - संजीव ठाकुर, व्यापार मंडल बनीखेत के प्रधान
बिलिंग को लेकर कई भ्रांतियां हैं। इन्हें दूर किए बिना मीटर नहीं लगाए जाने चाहिए। - राजकुमार, स्थानीय निवासी
कानूनी दृष्टि से बिना उपभोक्ता की सहमति के स्मार्ट मीटर लगाना बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। - आरके महाजन, अधिवक्ता