चंबा। बाजार में शाम सात बजे के बाद दुकानें खुली रखने वालों की अब दुकानें सील कर दी जाएंगी। कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए प्रशासन ने दुकानें खोलने का समय निर्धारित कर रखा है। नियमों की अवहेलना करने वाले कारोबारियों के खिलाफ अब प्रशासन कड़ी कार्रवाई करेगा। शहर में निर्धारित समय के बाद दुकानें खुली रखने पर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले में दुकानें खोलने का समय सुबह 9 से शाम सात बजे तक निर्धारित किया गया है। बावजूद इसके कुछेक दुकानदार अधिक लाभ कमाने के चक्कर में लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ करने से भी पीछे नहीं रह रहे हैं। इस बाबत बाकायदा प्रशासन के पास कुछेक शिकायतें भी पहुंची हैं। शिकायतों के आधार पर प्रशासन ने पुलिस को अब और सख्ती करने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही अब दुकानें बंद करने के लिए निर्धारित समय के बाद भी अगर दुकानदार दुकानें खुली रखते हैं तो प्रशासन दुकानों को सील कर देगा। ये दुकानें सात दिन तक सील रहेंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी दुकानदार की ही रहेगी।
उधर, एसडीएम शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि कोविड महामारी की दूसरी लहर के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए प्रशासन ने कई बंदिशें लगाई हैं। बावजूद इसके कुछ दुकानदार निर्धारित समय के बाद भी दुकानें बंद नहीं कर रहे हैं। इसके बारे में प्रशासन के पास भी शिकायतें पहुंची हैं। इन्हीं शिकायतों के बाद अब शाम सात बजे के बाद दुकानें खुली रखने वालों की दुकानों को सील किया जाएगा।