चंबा। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर चेहली और हरोठा के पास ब्लैक स्पॉट को सुधारना प्राधिकरण के लिए मुश्किल हो गया है। ब्लैक स्पॉट को सुधारने के लिए ठेकेदार की मशीनरी सुबह से लेकर शाम तक कटिंग करने में जुटी है लेकिन एनएच पर वाहनों की लगातार हो रही आवाजाही के कारण इस कार्य को करने में बाधा उत्पन्न हो रही है।
ठेकेदार को बार-बार कटिंग का कार्य रोकना पड़ता है। कटिंग से एनएच पर गिरने वाले मलबे को हटाकर वाहनों की आवाजाही सुचारू करवानी पड़ती है। उसके बाद दोबारा से कार्य करना पड़ता है। वाहन चालक अपनी गाड़ियों को सड़क पर कुछ पल के लिए भी रोकने के लिए तैयार नहीं होते। यदि ठेकेदार सड़क को खोलने में थोड़ी देर कर दे तो वाहन चालक उलझ जाते हैं। इसकी वजह से ठेकेदार को इस कार्य को करवाने में काफी परेशानी हो रही है। जिस प्रकार चंबा-भरमौर मार्ग पर कटिंग के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रखने के लिए समय निर्धारित किया गया था, उसी प्रकार चंबा-पठानकोट पर भी वाहनों की आवाजाही बंद रखने के लिए समय निर्धारित करने की जरूरत है। एनएच के अधिशासी अभियंता संजीव महाजन ने बताया कि उनके ध्यान में यह समस्या लाई गई है। इसको लेकर जल्द जिला प्रशासन से बात की जाएगी।