चंबा। चंबा-कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने चंबा जिले में एक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान और चुराह विधानसभा क्षेत्र में एक केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग संसद में उठाई है।
इसके लिए जिलावासियों ने सांसद का आभार जताया है। संसद में चंबा-कांगड़ा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अपने संसदीय क्षेत्र के तहत आने वाले आकांक्षी जिला चंबा का जिक्र किया। कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2018 में चंबा जिले को आकांक्षी जिलों की श्रेणी में रखा था। इसके तहत सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य की अधिक चिंता की जाती है, लेकिन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में यह जिला में अति पिछड़ा हुआ है। वहां कोई भी बड़ा व्यावसायिक शिक्षण संस्थान नहीं है। उन्होंने चंबा में एक राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान खोलने की मांग उठाई है। इसके अलावा सांसद ने चुराह विधानसभा क्षेत्र का जिक्र करते हुए यहां एक केंद्रीय विद्यालय खोलने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के लिहाज से भी चंबा में कोई बड़ा संस्थान नहीं है। यह क्षेत्र अप्रिय घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील है। आपातकालीन स्थिति में मरीजों को पंजाब ले जाना पड़ता है। इससे वे रास्ते में ही दम तोड़ देते हैं। उन्होंने बाथरी क्षेत्र में पर आधुनिक ट्राॅमा सेंटर खोलने की मांग उठाई। यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ सटा है।
कांगडा-चंबा संसदीय क्षेत्र की सोशल मीडिया कार्यकारिणी के सदस्य अजय टंडन और चुराह भाजपा मंडल के मीडिया प्रभारी आरके कपूर ने कहा की कांगड़ा-चंबा के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने संसद में चंबा और चुराह विधानसभा क्षेत्र की समस्याएं उठाई हैं। वह जनता से किए वादों को पूरा करेंगे।