फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चबा के सर्किट हाउस में चली भाजपा-कांग्रेस की गुटरगूं

Tue, 19 Jan 2016 07:16 PM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, चंबा
विज्ञापन
विज्ञापन
 अध्यक्ष की कुर्सी के घमासान में उलझ गए जिलापरिषद के कोरम का इंतजार भले ही प्रशासन को सदन में रहा हो, मगर पेंच फंसने के बाद दोनों ही राजनीतिक दल सर्किट हाउस में एक ही छत के नीचे देर तक उलझे रहे। सर्किट हाउस की ऊपरी मंजिल पर कांग्रेसी खेमा अध्यक्ष पद पर मंथन कर रहा था तो भूतल पर भाजपाई किलेबंदी के नुस्खे खोज रहे थे। दोपहर करीब दो बजे तक चलती रही इन दोनों ही बैठकों का निचोड़ सार्वजनिक नहीं किया गया।
विज्ञापन


हालांकि कांग्रेस की बैठक में अमित भरमौरी और धर्म सिंह पठानिया के नाम पर सहमति बनाने को लेकर जोरदार बहस जरूर हुई। कांग्रेस कमेटी ने चंबा में जिलापरिषद की कमान सौंपने के लिए बाकायदा एक कमेटी बनाई थी। हाईकमान के इशारे पर बनी इस कमेटी की कमान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनी राम शांडिल को सौंपी गई थी।


सर्किट हाउस में मंगलवार को कांग्रेस के दिग्गज नेता मौजूद थे। इन सभी के तर्क-वितर्क पर अध्यक्ष पद के लिए एक नाम तय किया गया है और कांग्रेस 23 जनवरी को कोरम में इसी नाम पर जिलापरिषद सदस्यों की सहमति बनाने का प्रयास करेगी। इस मंथन में अमित भरमौरी का नाम आगे रहने का  खुलासा हुआ है हालांकि उनके नाम की पुष्टि कमेटी के अध्यक्ष धनी राम शांडिल समेत किसी भी दिग्गज नेता ने नहीं की है।
विज्ञापन

उधर, भाजपा की मंथन बैठक में किलोड़ वार्ड से चुनाव जीते ललित ठाकुर का नाम चर्चा में रहा।  भाजपा ललित ठाकुर पर 23 जनवरी को दांव खेल सकती है लेकिन भाजपा पदाधिकारियों ने भी कांग्रेस की तर्ज पर किसी भी दावेदार का नाम उजागर करने से इंकार कर दिया।

इनसेट...
सदन में तय होगा जिप का सरदार : डीएस ठाकुर  
भाजपा  जिलाध्यक्ष डीएस ठाकुर का कहना है कि भाजपा 23 जनवरी को सदन में बहुमत  साबित करेगी और भाजपा से जुड़ा जिलापरिषद सदस्य अध्यक्ष की कमान संभालेगा। उन्होंने बताया कि भाजपा के पास 11 जिलापरिषद सदस्य हैं और अब इन सभी सदस्यों को सदन में ही अपना सरदार तय करना है जिसका फैसला 23 जनवरी को ही होगा।
इनसेट...
कांग्रेस साबित करेगी बहुमत : सुरेंद्र भारद्वाज
उधर,  कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस एकमत है और 23  जनवरी को कांग्रेस ही बहुमत साबित करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास पर्याप्त सदस्यों का समर्थन है। कांग्रेस कमेटी के कोर ग्रुप की बैठक हुई है और उसमें नामों पर मंथन किया गया है जिसका जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें