बिजाई करने से रोकने पर पीट डालीं मां-बेटी
किहार के मैड़ा गांव की घटना, सात लोगों पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। खेत में जबरन मक्की की बिजाई करने से रोकने पर सात लोगों ने मिलकर मां-बेटी की लाठी, डंडों और मुक्कों से पिटाई कर दी। इससे मां-बेटी की पीठ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें लगी हैं।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता चीना पत्नी मुस्तफा गांव मैड़ा डाकघर किहार तहसील सलूणी जिला चंबा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब साढ़े सात बजे लियाकत, रमजान नसीमा, सकीला, आजिया, आसमा, अब्बास और बटनी सभी निवासी मैड़ा उसके खेत में जबरन मक्की की बिजाई कर रहे थे। जब उसने और उसकी बेटी मुमताज ने उन्हें मक्की बिजाई करने से रोका तो वे बेवजह विवाद करने लगे और उन्होंने लाठी, डंडों और मुक्कों की बरसात कर दी। मां-बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों को खेतों में आता देख वे वहां से भाग खड़े हुए। पीड़िता ने पुलिस में शिकायत देकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि जमीन विवाद संबंधी मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों पक्षों को थाने में बुलाया है।