डॉ. जनक राज ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
मरीजों के बिस्तर के साथ रखे स्टूल पर बिखरी मिली गंदगी
उपचाराधीन मरीज के पास जाकर जानीं स्वास्थ्य सेवाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। सिविल अस्पताल भरमौर में सफाई व्यवस्था की पोल उस समय खुल गई जब रात के समय विधायक डॉ. जनक राज अस्पताल की व्यवस्था का जायजा लेने स्वयं पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने हरेक बिस्तर पर उपचाराधीन मरीजों से बातचीत की और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। मरीज के बिस्तर के साथ रखे स्टूल पर उन्हें गंदगी नजर आई तो इसको लेकर वह तल्ख हो गए। उन्होंने डयूटी पर मौजूद चिकित्सक से पूछा लिया कि अस्पताल में सफाई व्यवस्था सरकारी कर्मचारी संभालते हैं या आउटसोर्स ठेकेदार देख रहा है। उन्हें जवाब मिला कि ठेकेेदार सफाई व्यवस्था देख रहा है। इसको लेकर उन्होंने चिकित्सक को ठेकेदार पर सफाई को लेकर शिकंजा कसने के आदेश दिए।
अस्पताल में तैनात चिकित्सकों को लेकर जब उन्होंने पूछताछ की तो इसमें उन्हें दो चिकित्सक छुट्टी पर मिले। इनमें एक चिकित्सक बैठक के बहाने छुट्टी पर था। इसको लेकर विधायक ने मौजूद चिकित्सक से पूछा कि ऐसी कोन सी बैठक है जिसमें शामिल होने के लिए चिकित्सक को पांच दिन की छुट्टी लेनी पड़ गई। इसको लेकर उन्होंने हाजिरी रजिस्टर को भी चेक किया। इस दौरान कहा कि इस तरह की व्यवस्था अब भरमौर में नहीं चलेगी। उन्होंने घायलों का इलाज करने वाले कक्ष में रखे उपकरणों का भी जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने खामियों को सुधारने के आदेश दिए। शौचालयों में पसरी गंदगी को सुधारने के लिए भी उन्होंने निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों से बातचीत करते हुए कहा कि वह आम लोगों की सेवा के लिए अपनी नौकरी छोड़कर आए हैं। इसलिए अस्पताल सहित अन्य जरूरी विभागों का दौरा और समय-समय पर करते रहेंगे।