मिंजर मेले की सांस्कृतिक संध्या में इस बार साउथ के गायकों का बोलबाला होगा। मिंजर मेला सांस्कृतिक संध्या आयोजन समिति ने दो दिन तक लगातार चली बैठकों के बाद छह सांस्कृतिक संध्याओं के कलाकार तय कर दिए हैं।
मिंजर मेला सांस्कृतिक संध्या आयोजन समिति ने प्रीत हरपाल, प्रियानी वाणी, देवोजीत, बेनी दयाल, ज्योति टांगरी, बिशाक ज्योति के नाम तय किए हैं। इन नामों को तय करने के लिए पहले मंगलवार को देर शाम तक बैठक चलती रही जबकि बुधवार को सुबह से दोपहर तक सांस्कृतिक संध्या आयोजन समिति और उसके बाद उपायुक्त की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसके बाद प्रशासन ने सभी नामों पर अंतिम मुहर लगा दी। इस बार मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में 24 जुलाई को प्रियानी वाणी मुख्य कलाकार होंगी। 25 जुलाई को चंबा के लोक कलाकारों के लिए सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या में प्रशासन ने बाहर के किसी भी कलाकार को स्टेज पर न भेजने का फैसला किया है। 26 जुुलाई को तीसरी सांस्कृतिक संध्या हिमाचली होगी। जिसमें हिमाचल के लोक गायक प्रस्तुति देंगे। 27 जुलाई को पांचवीं सांस्कृतिक संध्या में पार्श्व गायक देवोजीत प्रस्तुति देंगे। 28 जुलाई को मिंजर की छठी सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह से हिमाचली कलाकारों के नाम होगी। इस दिन हिमाचल के नामी कलाकारों को स्टेज पर प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।
29 जुलाई को बिशाक ज्योति स्टार गायक के तौर पर प्रस्तुति देंगी तो 30 जुलाई को पंजाबी गायक प्रीत हरपाल अपनी प्रस्तुति देंगे। मिंजर की आखिरी सांस्कृतिक संध्या में बेनी दयाल व ज्योति टांगरी दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने बताया कि समिति की राय पर ही सभी कलाकारों का चयन किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि सभी कलाकारों की प्रस्तुति चंबा के लोगों को पसंद आएगी।