पीएसी बैठक में परियोजनाओं की समीक्षा, तय समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूलों को मिलेंगे 25, 15 और 10 हजार रुपये के पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने पांगी में पीएसी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्र में चल रही विकासात्मक परियोजनाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा में इन्हें पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक से पहले आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम ने मंत्री का शॉल, टोपी और स्मृतिचिह्न भेंटकर स्वागत किया।
कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और किसानों को इसके लाभों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग से विद्यालयों में शिक्षकों का युक्तिकरण, ऑनलाइन उपस्थिति और खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने को कहा गया। स्कूलों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए समिति गठित करने के निर्देश भी दिए। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रथम स्थान पर रहने वाले विद्यालय को 25 हजार, दूसरे को 15 हजार और तीसरे स्थान वाले विद्यालय को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
बैठक में धरमस स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर, सौर ऊर्जा परियोजनाओं, 33 केवी विद्युत ट्रांसमिशन लाइन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेचू और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेई के भवन निर्माण सहित किलाड़ की सीवरेज निस्तारण योजना की प्रगति पर चर्चा हुई।
ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा में मंत्री ने खंड विकास अधिकारी को पंचायतों में चल रहे कार्यों का निरीक्षण करने को कहा। साथ ही वीबी-जी राम जी योजना की जानकारी पंपलेट के माध्यम से महिला मंडलों, पंचायत प्रधानों और सूचना पट्टों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। वन अधिकार अधिनियम के प्रावधानों से लोगों को अवगत करवाने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया।