चंबा। चंबा-करियां मार्ग जुलाहकड़ी और हरदासुपरा में डिब्बों में भरकर दूध बेचने वालों पर स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई करते हुए दूध के तीन सैंपल भरे हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। यहां से रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग के अनुसार लोगों से लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है। इससे दूध विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महेश कश्यप और जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक आनंद की अगुवाई में स्वास्थ्य टीम ने यह कार्रवाई अमल में लाई। जिन लोगों के दूध के सैंपल भरे गए हैं। उनका नाम और रिकॉर्ड विभाग ने दर्ज कर लिया है।
स्वास्थ्य विभाग के पास लोग काफी समय से शहर और आसपास के इलाकों में बिकने वाले दूध की शिकायत कर रहे थे। लोगों का कहना है कि दूध में पानी ज्यादा मात्रा में मिलाया जा रहा है। इसकी वजह से दूध की गुणवत्ता सही नहीं होती। लोगों की शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उपरोक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से अन्य दूध विक्रेताओं में हड़कंप मच गया है। क्योंकि शहर और आसपास के इलाकों में रोजाना सुबह दर्जनों लोग डिब्बों में भरकर दूध बेचने के लिए आते हैं। ऐसे में दूध की जांच होने से उन्हें चिंता सताने लगी है। फिलहाल विभाग प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है।
इनसेट
लैब की रिपोर्ट आने पर होगी आगामी कार्रवाई : महेश कश्यप
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महेश कश्यप ने बताया कि डिब्बों में बिकने वाले दूध को लेकर काफी समय से शिकायतें कर रहे थे। शिकायत पर विभागीय टीम ने दूध के तीन सैंपल भरे हैं। इन्हें जांच के लिए कंडाघाट भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।