सलूणी उपमंडल में तीन महीने से नहीं मिला वेतन, बैठक में समस्याओं पर चर्चा
22 जून को प्रदेशव्यापी हड़ताल का निर्णय, शिमला में सचिवालय का करेंगे घेराव
संवाद न्यूज एजेंसी
सलूणी (चंबा)। मिड-डे मील वर्करों को तीन माह से वेतनमान की अदायगी नहीं हो पाई है। शनिवार को मिड-डे मील वर्कर्स यूनियन ब्लॉक सलूणी (संबंधित सीटू) की बैठक हुई।
इसकी अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष संदेश कुमारी ने की। बैठक में मिड-डे मील वर्कर यूनियन के जिला अध्यक्ष विपिन मौजूद रहे। सीटू के जिला अध्यक्ष ने कहा कि सलूणी ब्लॉक में 3 महीने से मानदेय नहीं मिला है। अफसरों की तनख्वाह समय पर मिल रही है लेकिन मिड-डे मील वर्कर्स के बिल अभी तक नहीं बनाए गए हैं।
मिड-डे मील वर्कर्स राशन की दुकानों में उधार लेकर परिवार पाल रहे हैं। न इनकी सरकार सुध ले रही न ही विभाग। उन्होंने कहा कि सलूणी ब्लॉक में कभी भी समय पर मानदेय नहीं मिलता है। स्कूलों में मिड-डे मील वर्करों से अतिरिक्त काम करवाया जा रहा है। मानदेय न मिलने के कारण घर का राशन, बच्चों की फीस, इलाज का खर्च, सामाजिक उतरदायित्व निभाना मुश्किल हो गया है। देश के बच्चों को कुपोषण से बचाते बचाते खुद का परिवार कुपोषित हो रहा है। किसी तरह की कोई छुट्टी नहीं है। पूरे शिक्षा विभाग में 12 माह का वेतन मिलता है लेकिन मिड-डे मील वर्कर्स के साथ अन्याय किया जा रहा है। 25 बच्चों की शर्त के चलते वर्कर्स को नौकरी छोड़नी पड़ रही है। सामाजिक सुरक्षा नहीं है। सेवानिवृत्ति के बाद किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं मिलती है और न ही पेंशन है। 22 जून को होने वाली प्रदेश व्यापी हड़ताल में मिड-डे मील वर्कर शामिल होंगे। यूनियन के ब्लॉक सचिव जगदीश ने कहा कि मिड-डे मील वर्कर मांगों को लेकर 22 जून को पूरे हिमाचल में हड़ताल करेंगे। शिमला में सचिवालय का घेराव करेंगे। बैठक में महिंद्र, सुभाष, ठाकुर दत्त, हुमा, कमलेश, कमला, ममता, सुमित्रा, कस्तुरी, बंटी, नेहा, सत्या, बालो देवी, सन्देश, भोटी, नैनो, बूंदी देवी, शीला, जगदीश, जयवंती, जरीना, राजेंद्र, जीवन, अशोक और चीनो मौजूद रहे।