इंपैक्ट स्कूल में करवाल वार्ड के जिला परिषद सदस्य अंशुल ने पुरस्कार देकर बढ़ाया हौसला
पढ़ाई के साथ पहाड़ी-पंजाबी गीतों पर थिरके विद्यार्थी, लघु नाटिका से दिया शिक्षा का संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
तेलका (चंबा)। किसी ने पढ़ाई में अव्वल रहकर अपनी पहचान बनाई तो किसी ने सांस्कृतिक मंच पर प्रतिभा का लोहा मनवाया। इंपैक्ट पब्लिक स्कूल तेलका के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में विद्यार्थियों की मेहनत और हुनर को एक साथ सम्मान मिला।
करवाल वार्ड के जिला परिषद सदस्य अंशुल जरयाल ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
समारोह का आगाज गणेश वंदना और स्वागत गीत से हुआ। छात्राओं ने पहाड़ी और पंजाबी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। वहीं, पढ़ाई के महत्व पर आधारित लघु नाटिका के जरिये शिक्षा का संदेश दिया गया। प्रधानाचार्य मोहम्मद भुट्टो ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की उपलब्धियों, गतिविधियों और विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि अंशुल जरयाल ने पहली से जमा दो कक्षा तक विभिन्न कक्षाओं और संकायों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करवाने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कार प्रदान किए गए।
अंशुल जरयाल ने कहा कि वार्षिक समारोह विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को पहचान देने का अवसर है। शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मौड़ा पंचायत प्रधान रविंद्र ठाकुर, ग्वालू पंचायत के सुमन दत्त, अनिल कपूर, रमेश कुमार, अविनेश कुमार, अब्दुल फारूक, सलीम मुहम्मद, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।