चंबा में मेरी पॉलिसी मेरे हाथ अभियान के शुभारंभ के मौके पर उपायुक्त चंबा डीसी राणा और प्रधानमंत्?
- फोटो : Chamba
चंबा। उपायुक्त डीसी राणा ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ अभियान का आगाज किया। इस दौरान 30 किसानों को उनके फसल बीमा पॉलिसी के दस्तावेज वितरित किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत गेहूं और जौ की फसलों का बीमा करवाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर थी।
इस योजना के तहत एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी में 3212 किसानों की गेहूं और जौ की फसल का बीमा करवाया है। इसके अतिरिक्त ‘पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना’ के तहत इफ्को टोक्यो कंपनी में जिले में 1513 बागबानों की सेब की फसल का बीमा किया गया है। जिन किसानों ने 15 दिसंबर से पहले अपनी फसलों का बीमा करवाने के लिए प्रीमियम भर दिया है, उन सभी किसानों को इस अभियान के तहत फसल बीमा की पॉलिसी दस्तावेज वितरित किए जाएंगे। अभियान तब तक चलता रहेगा, जब तक सभी पॉलिसी धारक किसानों को पॉलिसी के दस्तावेज नहीं मिल जात।े
उन्होंने कहा कि जिन किसानों ने किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसी भी बैंक से लोन लिया हो और फसल बीमा करवाने के लिए मना नहीं किया हो तो उन किसानों की फसलों के बीमा प्रीमियम बैंक की ओर से उनके खाते से काट कर एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के पास जमा करवा दिए जाते हैं। जबकि, अन्य किसान जिन्होंने बैंक से लोन नहीं लिया है, उनको अपनी फसलों का बीमा एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के पोर्टल पर स्वयं या किसी भी लोकमित्र केंद्र में जा कर करवाना पड़ता है। इस मौके पर कृषि उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान और उद्यान विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजीव चंद्रा सहित कंपनी के अधिकारी मौजूद रहे।