जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के जागरूकता शिविर में लोगों को दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
साहो (चंबा)। मानसिक बीमारी से ग्रस्त और बौद्धिक दिव्यांग व्यक्तियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण मुफ्त कानूनी सहायता देता है। इसके लिए शनिवार को कैला पंचायत में जागरूकता शिविर हुआ।
इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने निशुल्क कानूनी सहायता सहित अन्य अधिकारों के बारे में उन्हें जागरूक किया। उन्होंने कहा कि विधि सेवा प्राधिकरण लोगों को उनके विधिक अधिकारों, उपलब्ध कानूनी सहायता सेवाओं, सरकारी योजनाओं और निशुल्क विधिक सहायता प्रदान करता है। अधिवक्ता नवीन सिंह ठाकुर, सहायक विधिक सहायता रक्षा अधिवक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने नालसा की इस योजना, निशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, पीड़ित प्रतिकर योजना व मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित विधिक प्रावधानों की जानकारी दी। डॉ. प्रतीक एवं डॉ. मनीषा ने जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उपलब्ध चिकित्सीय सेवाओं, परामर्श सुविधाओं तथा उपचार संबंधी जानकारी प्रतिभागियों के साथ साझा की।