सिहुंता (चंबा)। कोरोना संक्रमित कुछ परिवारों के लोग सार्वजनिक स्थलों में पहुंच रहे हैं। इससे वे दूसरों की जिंदगी से भी खिलवाड़ कर रहे हैं। इसके चलते अन्य लोगों में भय का माहौल पैदा हो रहा है। ऐसा ही एक मामला चुवाड़ी प्रशासन के पास भी पहुंचा है। बहरहाल, पंचायत प्रतिनिधि के माध्यम से पहुंचे इस मामले के बाद चुवाड़ी प्रशासन ने कार्रवाई की बात कही है।
मन्हुता पंचायत की प्रधान रीता कुमारी धीमान ने अपनी शिकायत में कहा कि 14 मई को पंचायत के एक वार्ड में कोरोना टेस्ट करवाए गए थे। इनमें 14 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिसके बाद सभी ग्रामीणों को घरों में रहने की हिदायत जारी की गई है। बावजूद इसके कुछ ग्रामीण इन नियमों को हल्के में ले रहे हैं। गांव का एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थल पर पहुंच गया। हालांकि, इस व्यक्ति के पिता संक्रमति हैं। पंचायत प्रतिनिधि ने अपनी शिकायत में कहा के यह व्यक्ति समझाने पर भी कानून का उल्लंघन कर रहा है।
मंगलवार को व्यक्ति दूसरे वार्ड में पहुंच गया, जिसकी बाकायदा फोटो भी वार्ड सदस्य ने भेजी है। कहा कि व्यक्ति को कोविड-19 में सेवाएं दे रहे अध्यापक, आशावर्कर, वार्ड सदस्य भी कई बार समझा चुके हैं। बावजूद इसके यह व्यक्ति किसी की बात नहीं मान रहा है। लिहाजा, कोविड नियमों को दरकिनार करने वालों के खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने कहा कि उनके पास शिकायत पहुंची है। कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कहा कि कोरोना नियमों का पालन करना सभी के लिए अनिवार्य है।