चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के दवा भंडारण से दवा निरीक्षक ने पांच दवाइयों के सैंपल भरे हैं। उन्हें जांच के लिए विभाग की प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोविड के मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली एंटीबॉयोटिक दवा का भी सैंपल भरा है। कोरोना मरीजों के साथ अस्पताल के अन्य मरीजों के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों के सैंपल भरे गए हैं। इनमें गठिया, शुगर और मल्टी विटामिन संबंधित दवाइयां शामिल हैं, जो मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन मरीजों को दी जाती हैं।
मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन मरीजों को दवा भंडारण से ही दवाइयों की सप्लाई होती है। ऐसे में दवाइयों की गुणवत्ता चेक करना आवश्यक है। चिकित्सक भी दवा भंडारण की दवाइयों की गुणवत्ता चेक करने की सिफारिश कर रहे थे। इसके चलते शुक्रवार को दवा निरीक्षक ने दवा भंडारण का निरीक्षण कर पांच दवाइयों के सैंपल भरे। इसके अलावा स्टोर में रखे पुराने स्टॉक में एक्सपायर दवाइयों की भी जांच-पड़ताल की लेकिन दवा भंडारण में किसी प्रकार की दवाइयां एक्सपायर डेट की नहीं पाई गईं। दवा निरीक्षक ने स्टोर के प्रभारी को दवाइयों की देखरेख को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए। दवा निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि चंबा मेडिकल कॉलेज के दवा भंडारण से पांच दवाइयों के सैंपल भरे हैं, जिन्हें जांच के लिए विभाग की प्रयोगशाला में भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।