चंबा। चुराह में दवाइयों को लेकर मिल रही शिकायतों के चलते दवा निरीक्षक ने नकरोड़ और तीसा में दबिश देकर एंटीबायोटिक दवाओं के दो सैंपल भरे। इसके अलावा चुराह में दवाइयां बेचने वाले सभी केमिस्टों की दुकानों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान कई केमिस्टों की दुकानों में खामियां पाई गई। इसे दुरुस्त करने के लिए दवा निरीक्षक ने दस दिनों का समय दिया है। दस दिनों के बाद दोबारा चुराह का दौरा करेंगे। अगर उस दौरान दोबारा खामी पाई गई तो संबंधित केमिस्ट के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दवा निरीक्षक को चुराह में देख कई झोलाछाप दुकानों को ताला लगाकर मौके से फरार हो गए। जबकि दवा निरीक्षक ने अन्य सभी केमिस्टों को जरूरी दिशा निर्देश भी दिए।
चुराह में केमिस्टों की दुकानों का निरीक्षण करने के बाद दवा निरीक्षक ने शहर के बाजार में सजी कॉस्मेटिक उत्पादों की भी जांच पड़ताल की। करवाचौथ को लेकर शहर में हर दुकान में कॉस्मेटिक उत्पाद बेचे जा रहे हैं। इसके चलते दवा निरीक्षक ने बाजार में बिकने वाले शैंपू और क्रीम के सैंपल भरे। इसके साथ ही दुकानदारों के लाइसेंस भी चेक किए गए।
दवाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों के भरे गए चार सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट लैब में भेजा जाएगा। यहां पर इन उत्पादों की गुुणवत्ता जांची जाएगी। अगर इनकी गुणवत्ता में किसी प्रकार की खामी पाई जाती है, तो संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग कार्रवाई करेगा। इसके साथ ही उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाई जा सकती है।
दवाइयों और कॉस्मेटिक के भरे चार सैंपल: राकेश कुमार
ड्रग इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि दवाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों के चार सैंपल भरे गए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जा रहा है। लैब की रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। दवाइयों की बिक्री को लेकर केमिस्टों को जरूरी दिशा निर्देश भी जारी किए गए हैं।