फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीसरी आंख की निगरानी में होगी मणिमहेश यात्रा

विज्ञापन
विज्ञापन
चंबा। पवित्र मणिमहेश यात्रा पहली बार तीसरी आंख की निगरानी में होगी। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को चाकचौबंद करने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए भरमौर से हड़सर तक छह सीसीटीवी कैमरे लगेंगे। इसका कंट्रोल रूम भरमौर स्थित साडा भवन में रहेगा। भरमौर प्रशासन ने सात लाख की राशि पुलिस महकमे के पास सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जमा करवा दी है। पुलिस महकमा भी सीसीटीवी कैमरे लगवाने संबंधी समस्त औपचारिकताएं पूरी करने में जुट गया है। पुलिस महकमा यात्रा शुरू होने से पहले सीसीटीवी कैमरे लगाने का दावा कर रहा है।
विज्ञापन

कोरोना महामारी के दो वर्ष बाद पवित्र मणिमहेश यात्रा का आगाज होने जा रहा है। यात्रा में असंख्य शिवभक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। भरमौर से हड़सर तक लगने वाले सीसीटीवी कैमरों में हर श्रद्धालु की गतिविधि कैद होगी। यात्रा के दौरान जाम से निपटने, दुर्घटनाओं को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तीसरी आंख का सहारा लिया जाएगा। इतना ही नहीं, यात्रा के दौरान 20 रुपये पंजीकरण शुल्क भी श्रद्धालुओं से लिया जाएगा। प्रशासन की ओर से की गई इस पहल का मुख्य मकसद श्रद्धालुओं की सही जानकारी एकत्रित करना है। गौरतलब है कि यात्रा के दौरान कई बार अप्रिय घटनाओं में जानमाल का नुकसान होने पर भी प्रशासन और पुलिस महकमे को देरी से इसकी सूचना मिलती थी। ऐसे में अब प्रशासन ने यात्रा को सफल बनाने के लिए तीसरी आंख के पहरे में यात्रा करवाने का निर्णय किया है।
कार्यवाहक अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट निशांत ठाकुर ने कहा कि मेले के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा, चोरियों पर अंकुश लगाने सहित यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए छह सीसीटीवी कैमरे स्थापित होंगे। पुलिस उप अधीक्षक अभिमन्यु वर्मा ने कहा कि मणिमहेश यात्रा से पहले भरमौर से हड़सर तक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवा दिए जाएंगे। इसके टेंडर आमंत्रित कर दिए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे लगने से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था मजबूत होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें