भरमौर (चंबा)। कबायली क्षेत्र भरमौर की एक निजी जलविद्युत परियोजना में कार्यरत व्यक्ति की ड्यूटी से घर लौटते समय पैर फिसलकर खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संजीव कुमार (38) पुत्र गुर्जर राम निवासी गांव सुलाखर डाकघर उल्लांसा तहसील भरमौर जिला चंबा के रूप में हुई है। सिविल अस्पताल भरमौर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार देर शाम संजीव कुमार अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था। तभी घर से कुछ दूरी पर उसका पांव फिसलने से वह खाई में जा गिरा जिससे वह अचेत हो गया। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने उससे संपर्क साधने की कोशिश की लेकिन उन्हें कोई कामयाबी नहीं मिली। इसके बाद परिजन उसकी तलाश में निकल पड़े। मध्य रात्रि के करीब परिजनों ने उसे को खाई में गिरे हुए देखा। उन्होंने बिना वक्त गंवाते हुए उसे उठाकर सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को पुलिस की देखरेख में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है।