चुराह (चंबा)। बिजली की चोरी करना एक व्यक्ति को उस समय महंगा पड़ गया। जब बिजली बोर्ड की टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़कर 7,402 रुपये जुर्माना लगाया। साथ ही उसे हिदायत दी कि वह दोबारा बिजली की चोरी न करे। अन्यथा उसका बिजली कनेक्शन काट दिया जाएगा। साथ ही उसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है।
मंगलवार को जब बिजली बोर्ड की टीम सनवाल पंचायत का निरीक्षण कर रही थी तो उसी दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि मलूंड गांव में एक व्यक्ति ने अपने घर पर चोरी करके बिजली की व्यवस्था कर रखी है। इस सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत मलूंड गांव में दबिश दी। जहां पर उन्होंने व्यक्ति को बिजली की चोरी करते हुए पकड़ा लिया। व्यक्ति कुंडी लगाकर अपने घर में बिजली चोरी कर रहा था। ऐसे में विभाग ने कुंडी को हटाया और चोरी के लिए इस्तेमाल की गई तार को जब्त किया। इसके बाद बोर्ड के नियमानुसार व्यक्ति को जुर्माना लगाया।
मलूंड गांव में एक व्यक्ति को बिजली की चोरी करते हुए पकड़ा है। उसे 7,402 रुपये जुर्माना लगाया गया है। बोर्ड बिजली की चोरी करने वालों पर पैनी नजर रखे हुए है।
अमित ठाकुर, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड, चुराह