गैहरा में करीब दो माह से घरेलू गैस की सप्लाई नहीं पहुंची है जिसके कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को पूरा दिन भर सड़क पर सिलेंडर लेकर लोग घरेलू गैस की गाड़ी का इंतजार करते रहे। गाड़ी नहीं आने पर जब उपभोक्ताओं ने करियां स्थित गैस एजेंसी में गाड़ी के आने के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि गाड़ी मैहला भेजी गई है। पूरा दिन इंतजार करने के बाद लोगों को खाली हाथ ही अपने घरों को लौटना पड़ा।
ग्रामीणों संजीव कुमार, प्रताप चंद, कर्म चंद, मदन सिंह, टेक चंद, धर्म सिंह और किशन ने बताया कि गैहरा में पिछले दो माह से घरेलू गैस की सप्लाई नहीं आ रही है।
उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए तीस किमी की दूरी तय करके करियां जाना पड़ रहा है। इसमें लोगों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर तीन महीनों तक के अंतराल में उपभोक्ता की ओर से घरेलू गैस सिलेंडर नहीं भराया जाता है, तो उस उपभोक्ता को गैैस एजेंसी में दोबारा से पंजीकरण करवाना पड़ सकता है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि गैहरा में जल्द से जल्द घरेलू गैस की सप्लाई भेजी जाए।