चंबा। जिले में मूसलाधार बारिश के दूसरे दिन बाद भी लोगों की जिंदगी पूरी तरह से पटरी पर नहीं लौट पाई है। मूसलाधार बारिश से होली उपमंडल के तहत आते गोला पंचायत के पिल्ली निवासी प्यार सिंह का मकान पूरी तरह से जर्जर हो गया है। मकान अब रहने लायक नहीं रहा है। मकान कभी भी धराशायी हो सकता है। मकान में बड़ी-बड़ी दरारें आ जाने से प्रभावित परिवार को अब पड़ोसियों के घरों में शरण लेनी पड़ रही है। प्रभावित के साथ मकान में पत्नी, दो बेटी और बहू रहते थे। वहीं, बारिश के कारण विद्युत बोर्ड मंडल चंबा के तहत आते परिक्षेत्र में दस ट्रांसफार्मर खराब होने से दर्जनों गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली की आपूर्ति बंद होने से लोगों विशेषकर गृहिणियों, स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी हो रही है। खैर, विद्युत बोर्ड के अधिकारी क्षेत्र में जल्द व्यवस्थाओं को सुचारु करवाने के दावे कर रहे हैं।
जनजातीय क्षेत्र पांगी के अलवास-किलाड़ मार्ग, संघणी-लंगेरा-भद्रवाह मार्ग और तरेला-गोयला मार्ग भूस्खलन के कारण बाधित होने के दूसरे दिन बाद भी वाहनों के लिए बहाल नहीं हो पाए। मार्ग पर बेतहाशा मलबा और चट्टानें गिरने के कारण लोगों को अपने रिस्क पर ही आवाजाही करनी पड़ रही है। खैर, सूचना मिलने के बाद विभागीय टीमें सड़कों को बहाल करने के लिए मौके पर जुटी हुई हैं। वहीं ब्रेही पंचायत के तहत आते गदरियाड़ा में पेयजल योजना बाधित पड़ गई है। इससे लोगों को परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। अब मौसम विभाग ने जिले में आगामी दो दिनों तक यलो अलर्ट जारी किया है। खैर, मौसम के बदलते तेवर के चलते अप्रैल के अंत में भी लोग शीतलहर की चपेट में हैं।
एडीएम चंबा अमित मेहरा ने बताया कि जिले में मूसलाधार बारिश के चलते पटरी से उतरी व्यवस्था को सुचारु करने में विभागीय टीमें जुटी हुई हैं।