चंबा व आसपास क्षेत्र में सड़कों के किनारे आईपीएच विभाग द्वारा बिछाई गई पेयजल पाइपें लीक हो रही हैं। पेयजल पाइपें लीक होने के कारण सारा पानी सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है। इन पाइपों से करीब एक माह से ऐसे ही पानी बह रहा है। परंतु अभी तक इन पाइपों को ठीक नहीं करवाया गया है।
स्थानीय लोगों नरेश कुमार, शम्मी कुमार, अजय कुमार, ओम प्रकाश, चमन सिंह, कुलदीप सिंह, राज कुमार, संजय कुमार व बलदेव कुमार ने बताया कि मुगला, करियां, पक्काटाला, बालू, सरोल, चौंतड़ा व हरदासपुरा में आईपीएच की पाइपें लीक हैं। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा जगह-जगह पर लिखाया जाता है कि पानी अनमोल है इसे व्यर्थ न गंवाए। परंतु सड़कों पर बहते हुए व्यर्थ पानी को रोकने के लिए विभाग द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए जाते हैं।
इसका खामियाजा आम जनता को भगुतना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर बहते हुए व्यर्थ पानी को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उधर, आईपीएच विभाग के अधिशासी अभियंता पीके शर्मा ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं था। जल्द ही संबंधित कर्मचारियों को निर्देश देकर लीक हो रही पेयजल पाइपों को ठीक करवा दिया जाएगा।