चुराह (चंबा)। बैरा सियुल परियोजना सुरंगानी में जिला स्तरीय अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ सीटू के जिला अध्यक्ष नरेंद्र ने सीटू का झंडा फहराकर किया।
इसके बाद 1886 में शिकागो में शहीद हुए मजदूरों और बैरा सियुल परियोजना के निर्माण के दौरान शहीद हुए 147 मजदूरों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीटू की जिला महासचिव सुदेश ठाकुर रहीं। चमेरा 2 और चमेरा 3 वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आयुब खान और संजय कुमार, आंगनबाड़ी वर्कर्स यूनियन की जिला उपाध्यक्ष चंपा देवी, बैरा सियुल प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के कोषाध्यक्ष धर्मचंद और महासचिव कुशल ठाकुर सहित अन्य मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि जिन अधिकारों को मजदूरों ने लंबी लड़ाई लड़कर हासिल किया था। आज के मौजूदा हालात उन्हें फिर से कमजोर करने की दिशा में ले जा रहे हैं। सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ देशभर के मजदूर एकजुट हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि बैरा सियुल परियोजना में दुनी चंद की बहाली को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन 11वें दिन भी जारी रहा। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समाधान नहीं हुआ तो प्रबंधन के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।