नकरोड़ (चंबा)। पेयजल लाइन डालने के कार्य में ठेकेदार के पास लगा मजदूर ढांक में मृत मिला है। मृतक की पहचान भीखम राम पुत्र खड़गू निवासी गांव अपर पथवाल डाकघर चांजू के रूप में हुई है।
वह पखरा धार में ठेकेदार की लेबर के रूप में कार्य कर रहा था। पेयजल लाइन डालने का कार्य चल रहा था। रविवार शाम को वह धार से अपने घर वापस आया। उसके जाने के बाद दो अन्य लोग घर के लिए निकले, लेकिन भीखम रात को घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जब दो अन्य लोगों से उसके बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि भीखम राम उनसे पहले ही घर के लिए निकल गया था। इसके बाद परिजन अन्य ग्रामीणों को साथ लेकर सोमवार को भीखम की तलाश में जुट गए। जब ग्रामीण धार को जाने वाले रास्ते में उसकी तलाश कर रहे थे तो जंगेला ढांक में 70 मीटर नीचे उसका शव बरामद हुआ। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाते ही नकरोड़ पुलिस चौकी की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बघेईगढ़ पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने इसकी पुष्टि की है।