100 किलोमीटर अतिरिक्त सफर से पर्यटकों को मिला छुटकारा
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार पहुंचने के लिए अब पर्यटकों को सौ किलोमीटर अतिरिक्त सफर से निजात मिल गई है। लोक निर्माण विभाग ने बर्फबारी के चलते दो सप्ताह से बंद पड़े खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग को यातायात के लिए बहाल कर दिया है। मार्ग के यातायात के लिए बहाल होने पर अब पर्यटक पर्यटन स्थल डलहौजी के बाद खज्जियार का रुख कर रहे हैं। खज्जियार पहुंचने पर पर्यटक देवदार के पेड़ों से घिरे क्षेत्र का भ्रमण कर घुड़सवारी समेत अन्य रोमांचकारी गतिविधियों में भी हिस्सा लेने से पीछे नहीं रह रहे हैं। खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग वाहनों के लिए बहाल होने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े होटल कारोबारियों समेत अन्य लोगों को भी राहत मिली है।
गौरतलब है कि खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग पर बर्फबारी के कारण दो सप्ताह तक वाहनों की आवाजाही पर ब्रेक लगा रहा। वाहनों की रफ्तार थमने से बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों को वाया बनीखेत और चंबा होते हुए ही खज्जियार पहुंचना पड़ रहा था। ऐसे में कई पर्यटक तो डलहौजी से ही लौट रहे थे। अब लोक निर्माण विभाग की मशीनरी और लेबर की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवा दिया गया है। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता अंशुल मक्कड़ ने बताया कि खज्जियार-लक्कड़मंडी मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवा दिया है। उन्होंने चालकों से मार्ग पर फिसलन अधिक होने पर वाहन धीरे चलाने का आग्रह किया है।