खज्जियार (चंबा)। खज्जियार-डलहौजी मार्ग छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गया है। अब पर्यटक डलहौजी से अपने वाहनों में सवार होकर खज्जियार पहुंच पाएंगे। भारी बर्फबारी के चलते पिछले कई दिन से मार्ग बंद पड़ा था। इसके चलते पर्यटकों को वाया चंबा होकर आवाजाही करनी पड़ रही थी। 70 किलोमीटर के अतिरिक्त सफर को देख कई पर्यटक डलहौजी से खज्जियार जाने से इंकार कर देते थे लेकिन, अब ऐसा नहीं होगा। पर्यटक आसानी से वाया लक्कड़मंडी होकर खज्जियार पहुंच पाएंगे। इससे खज्जियार में ठप पड़े पर्यटन कारोबार को भी पंख लगेंगे।
पर्यटक न आने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों का धंधा मंदा हो चुका है। इसलिए स्थानीय लोग प्रशासन और लोनिवि से बार-बार यही मांग कर रहे थे कि मार्ग को जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवाया जाए। सोमवार को विभाग ने मार्ग से बर्फ हटाकर छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी। हालांकि, सड़क के कुछ भाग पर बर्फ जमी हुई है, इसलिए वहां गाड़ी संभलकर चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं। लोनिवि के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार ने बताया कि स्थानीय लोग मार्ग की बहाली की मांग कर रहे थे। इसलिए युद्धस्तर पर इसकी बहाली का कार्य चलाया गया था। अब छोटे वाहन मार्ग पर आवाजाही कर सकते हैं।