खज्जियार में गुजरात के पर्यटकों की बढ़ी भीड़। संवाद।
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन नगरी खज्जियार में गुजरात से पर्यटकों की आमद बढ़ने लगी है। इससे पिछले कुछ दिनों से सुस्ती झेल रहे पर्यटन कारोबार को राहत मिली है। सैलानियों की चहल-पहल लौटने से होटल, रेस्टोरेंट और ढाबा संचालकों के चेहरों पर रौनक दिखने लगी है।
खज्जियार के होटलों में करीब 50 फीसदी कमरों की बुकिंग हो चुकी है। गुजरात से पहुंच रहे पर्यटक यहां की प्राकृतिक सुंदरता निहारने के साथ विभिन्न पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। इससे होटल कारोबारियों के अलावा छोटे दुकानदारों और अन्य पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी लाभ मिल रहा है।
गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से पर्यटकों की आवाजाही कम होने के कारण होटल खाली चल रहे थे और कारोबारियों को मंदी का सामना करना पड़ रहा था। अब सैलानियों की बढ़ती संख्या से पर्यटन कारोबारियों को आगामी दिनों में और रौनक लौटने की उम्मीद जगी है। संवाद