15 दिन में देगी रिपोर्ट, निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति व धनराशि के उपयोग का करेगी सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने विकास खंड भरमौर में विभिन्न पंजीकृत समितियों के माध्यम से संचालित विकास कार्यों की जांच के लिए संयुक्त समिति का गठन किया है। समिति मौके पर निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और जारी धनराशि के उपयोग का सत्यापन करेगी।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं परियोजना अधिकारी, एकीकृत जनजातीय विकास विभाग भरमौर विकास शर्मा ने बताया कि विकास खंड के तहत विभिन्न पंजीकृत समितियों को स्वीकृत विकास कार्यों के लिए प्रथम किस्त के रूप में वित्तीय सहायता जारी की गई थी। बावजूद इसके पर्याप्त समय बीत जाने पर भी कई कार्य पूरे नहीं हो सके हैं। ऐसे में कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करने और सरकारी धन के समुचित उपयोग की जांच के लिए संयुक्त समिति का गठन किया गया है। उन्होंने बताया कि समिति में विकास खंड कार्यालय, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों को शामिल किया गया है। समिति संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता और प्रगति का विस्तृत सत्यापन करेगी। साथ ही कैश बुक, भुगतान वाउचर, मापन पुस्तिका (एमबी), कार्य प्रस्ताव, स्वीकृति आदेश समेत सभी आवश्यक अभिलेखों की जांच भी की जाएगी। एडीएम ने कहा कि अधूरे, विलंबित या शुरू नहीं किए गए कार्यों के कारणों की भी पड़ताल होगी। जांच में यदि वित्तीय अनियमितता, सरकारी धन के दुरुपयोग या अन्य किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों अथवा संस्थाओं के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। समिति को सभी मामलों की जांच पूरी कर दस्तावेजी साक्ष्यों सहित 15 दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कार्यालय, भरमौर में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।