उप विजेता गरनोटा आईटीआई के खिलाड़ी मुख्य अतिथि के साथ। -स्रोत : संस्थान
चंबा। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) चंबा में चल रही जिला स्तरीय 18वीं आईटीआई खेलकूद प्रतियोगिता का समापन हो गया। इस प्रतियोगिता में आईटीआई चंबा ने ओवरऑल विजेता का खिताब जीता। समापन समारोह में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल मुख्य अतिथि रहे।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में खेलों का अहम स्थान है, जो शारीरिक और मानसिक विकास के लिए जरूरी होते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताएं व्यक्तित्व विकास में सहायक सिद्ध होती हैं और शिक्षा न केवल आत्मनिर्भरता लाती है, बल्कि सामाजिक समस्याओं के समाधान में भी मददगार होती है। उपायुक्त ने विजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया।
प्रतियोगिता में जिला के आठ सरकारी और गैर-सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस दौरान उपायुक्त को आईटीआई चंबा के प्रधानाचार्य बिपिन शर्मा ने शॉल, टोपी और चंबा थाल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर चंबा कॉलेज के प्राचार्य मदन गुलेरिया, जवाहर नवोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सचदेवा और अन्य कर्मचारी भी मौजूद थे। खेलकूद प्रतियोगिता में आईटीआई चंबा ओवरऑल विजेता रही। बास्केटबाल में आईटीआई चंबा प्रथम और गरनोटा द्वितीय रहा। वॉलीबाल में चंबा प्रथम और गरनोटा द्वितीय, खो-खो में भी चंबा प्रथम और गरनोटा द्वितीय स्थान पर रहे।
कब्बडी में चंबा ने पहला और बौंखरीमोड़ आईटीआई ने दूसरा स्थान हासिल किया। बैडमिंटन में चंबा विजेता और छतराड़ी उपविजेता बना। मार्च पास्ट में आईटीआई गरनोटा ने पहला और चंबा ने दूसरा स्थान हासिल किया। संवाद