चंबा। विद्युत उपमंडल चंबा-एक के तहत सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को अब अनिवार्य रूप से विद्युत मीटरों की ई-केवाईसी करवानी होगी। विद्युत बोर्ड ने इस संदर्भ में उपभोक्ताओं के लिए दिशा-निर्देश जारी करते हुए 30 नवंबर तक ई-केवाईसी करवाने का समय दिया है।
बिजली उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी करवाने के लिए बिजली बोर्ड की टीम डोर-टू-डोर सेवाएं प्रदान कर रही है। इसके अलावा विशेष काउंटर भी स्थापित किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान उपभोक्ताओं को अपना आधार कार्ड और बिजली बिल साथ लाना होगा।
सरकार की ओर से पहले राशन कार्ड की ई-केवाईसी की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब बिजली उपभोक्ताओं के लिए मीटरों की ई-केवाईसी भी अनिवार्य कर दी गई है। इस प्रक्रिया से कनेक्शन में पारदर्शिता बनी रहेगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही की संभावना समाप्त होगी। सहायक अभियंता हंस राज ने बताया कि यदि उपभोक्ता समय रहते ई-केवाईसी नहीं करवाते हैं, तो उन्हें बिजली की सुचारू आपूर्ति में समस्या हो सकती है।