वन विभाग की जमीन पर चिह्नित किए गए बीस अवैध कब्जों को हटाने में बिजली बोर्ड और आईपीएच ने जो तेजी दिखाई थी, उस पर अमल नहीं हो पा रहा है। सभी बीस लोगों के पेयजल और बिजली दोनों के कनेक्शन काट दिए गए थे लेकिन मामला ठंडे बस्ते में जाते ही दोबारा से कनेक्शन बहाल हो गए हैं।
जिन लोगों की बिजली की लाइनें तत्काल प्रभाव से काटी गई थी उन्हें दोबारा जोड़ दिया गया है। अब बिजली बोर्ड और आईपीएच दोनों इन कनेक्शनों को दोबारा काटने से पूर्व राजस्व विभाग की इजाजत की बात कर रहे हैं। उधर, दोनों विभागों के इस ढुलमुल रवैये पर प्रशासन ने भी चिंता जताई है। उपमंडलाधिकारी की मानें तो बिजली बोर्ड और आईपीएच दोनों ने शुरूआत में बिना राजस्व रिकॉर्ड देखे ही बिजली और पानी के कनेक्शन काट दिए थे जबकि अब जब यह कनेक्शन बहाल हो चुके हैं तो इन्हें दोबारा काटने के लिए राजस्व विभाग की इजाजत मांगी जा रही है। गौरतलब है कि उच्च न्यायालय ने वन भूमि पर मौजूद अवैध कब्जों को हटाने के आदेश दिए थे।
इस सूची में वन विभाग ने भटियात में बीस अवैध कब्जे होने की बात कही थी। जिस पर बिजली बोर्ड और आईपीएच दोनों ने कब्जाधारकों के कनेक्शन काटने का अभियान छेड़ दिया। लेकिन बाद में दोबारा से कनेक्शन जोड़ दिए गए। फिलहाल, भटियात में सभी कब्जाधारक बिजली और पानी दोनों का इस्तेमाल कर रहे हैं।
आईपीएच और बिजली बोर्ड से मांगा जाएगा जवाब : एसडीएम
उपमंडलाधिकारी भटियात अमित मेहरा का कहना है कि आईपीएच और बिजली बोर्ड से इस संबंध में जवाब मांगा जाएगा। यदि पहले कनेक्शन कट चुके थे तो उन्हें दोबारा बहाल नहीं किया जाना चाहिए था। यदि एक बार कनेक्शन काटने के बाद विभाग अब राजस्व का रिकॉर्ड मांग रहे हैं तो यह मिलीभगत की तरफ इशारा करता है। इसकी पूरी जांच की जाएगी।
बोर्ड ने नहीं दिए कनेक्शन : अंग्रेज सिंह
सहायक अभियंता बिजली बोर्ड अंग्रेज सिंह ने कहा है कि बोर्ड ने कनेक्शन काट दिए थे। यदि यह दोबारा बहाल हुए हैं तो इसकी जांच की जाएगी। बोर्ड ने किसी भी कब्जाधारक को दोबारा से कनेक्शन नहीं दिया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही मौके पर जाकर जांच की जाएगी।
काटे जाएंगे पानी के कनेक्शन : कुलदीप
आईपीएच के सहायक अभियंता कुलदीप का कहना है कि किसी भी कब्जाधारक को आईपीएच ने कनेक्शन जारी नहीं किए हैं। जिन लोगों ने पानी के कनेक्शन हाईकोर्ट के आदेश आने से पूर्व ले रखे थे, उनके कनेक्शन काट दिए गए हैं। सभी की जांच की जाएगी। यदि कोई कनेक्शन पाया गया तो उसे काट दिया जाएगा।