दस दिन के भीतर सौंपेगी रिपोर्ट, इसी के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से लेकर मौजूद सभी लोगों से करेगी पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। डॉक्टर की देरी के कारण युवक की मौत के मामले की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने जांच कमेटी का गठन किया है। दस दिन में कमेटी सभी पहलुओं पर जांच कर अपनी रिपोर्ट तैयार करेगी।
टीम की रिपोर्ट के आधार पर प्रबंधन डॉक्टर पर कार्रवाई करेगा। चार दिन पहले लेंटर से गिरकर गंभीर घायल युवक को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया। उनके इलाज के लिए फोन कर डॉक्टर को बुलाया गया लेकिन डॉक्टर तीन घंटे तक अस्पताल नहीं पहुंचा। इसके चलते युवक की मौत हो गई। इसको लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने हो हल्ला भी किया। मुख्यमंत्री के सामने प्रदर्शन भी किया। मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच करने के निर्देश प्रशासन को दे दिए थे।
अब मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने मामले की गहराई से जांच के लिए टीम का गठन किया है। यह टीम उस दिन आपातकालीन कक्ष में तैनात सभी कर्मचारियों, मृतक के परिजनों और डॉक्टर से संपर्क करेगी। जो भी सच्चाई सामने आएगी, उसकी रिपोर्ट बनाकर प्राचार्य को देगी। उधर, मेडिकल कॉलेज प्रवक्ता डॉक्टर मानिक सहगल ने बताया कि जांच टीम गठित कर दी गई है। उनकी रिपोर्ट तैयार होने के बाद अगला फैसला लिया जाएगा।