चंबा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र में 83.42 करोड़ रुपये की 23 विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील हिमाचल स्थापना के 75 वर्ष समारोह के अवसर पर गांव लिल्ह में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने भरमौर की 17 गैर जनजातीय पंचायतों को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने का मामला केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है।
मुख्यमंत्री ने 12.63 करोड़ की सात विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण किए। इनमें 1.48 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रूणोकोठी का विज्ञान भवन, भरमौर में 76 लाख रुपये की लागत से बने आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, पांगी किलाड़ में 1.12 करोड़ रुपये से बने राम लीला मैदान मंच और स्टेडियम, किलाड़ में 97 लाख की लागत से निर्मित उपमंडलीय आयुर्वेदिक अधिकारी आवास भवन, किलाड़ में चार करोड़ की लागत से चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए निर्मित टाइप-3 आवास, रादी गांव के लिए 1.30 करोड़ रुपये से बनी उठाऊ सिंचाई योजना और तीन करोड़ रुपये की हड़सर मल निकासी योजना शामिल है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 70.79 करोड़ की 16 विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास भी किए। इनमें 7.30 करोड़ से बनने वाली होली-उतराला सड़क, 7.88 करोड़ रुपये की लागत की दुनाली-लिल्ह सड़क, एक करोड़ लागत का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चुरी का भवन, 40 लाख रुपये की लागत की त्रिलोचन महादेव गांव की सड़क, नागरिक अस्पताल किलाड़ के कर्मचारियों के लिए 3.95 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले टाइप-2 आवास भवन, भरमौर औरसाथ लगते क्षेत्रों के लिए 17.82 करोड़ रुपये लागत की मल निकासी योजना, तहसील भरमौर के गरोला और साथ लगते गांव के लिए 19.18 करोड़ रुपये से बनने वाली मल निकासी योजना, 1.27 करोड़ रुपये लागत की जलापूर्ति योजना कुगती, 2.68 करोड़ रुपये लागत की उठाऊ सिंचाई योजना गरोला का जीर्णोद्धार कार्य, गुवारड़ टिल्ला गांव के लिए 90 लाख रुपये से बनने वाली जलापूर्ति योजना की नींव रखी।
इनके अतिरिक्त 1.57 करोड़ लागत से बनने वाली घरौंदा जलापूर्ति योेजना, होली उपमंडल में 2.22 करोड़ से बनने वाले सहायक अभियंता कार्यालय भवन और आवास, 2.20 करोड़ रुपये की लागत से हटेढ़, सहाली जयारी और निया गांव के लिए बनने वाली जलापूर्ति योजना, लाहल में 1.06 करोड़ रुपये की लागत से उठाऊ जलापूर्ति योजना के लिए जीप योग्य सड़क, ग्राम पंचायत मैहला में 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सिंचाई योजना मैहला टिप्परी का सुधारीकरण कार्य और ग्राम पंचायत होली में 65 लाख रुपये की लागत से बनने वाली जलापूर्ति योजना की नींव रखी।