29 पंचायतों की स्वास्थ्य सेवाएं चार डॉक्टरों के सहारे, मेडिकल ऑफिसर के सात, स्टाफ नर्स के चार और फार्मासिस्ट के तीन पद खाली
अल्ट्रासाउंड के लिए गर्भवती महिलाओं को तय करना पड़ रहा 60 किलोमीटर सफर, डॉक्टरों की तैनाती के लिए हाईकोर्ट पहुंचे विधायक
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें अस्पताल पहुंचने के बाद भी कम नहीं हो रहीं। कहीं डॉक्टर नहीं तो कहीं जांच के लिए जरूरी तकनीकी कर्मचारी उपलब्ध नहीं हैं।
नतीजतन, 29 पंचायतों के मरीजों को उपचार और जांच के लिए जिला मुख्यालय चंबा की दौड़ लगानी पड़ रही है। स्वास्थ्य खंड के तहत संचालित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में लंबे समय से रिक्त पदों के चलते व्यवस्था चरमरा गई है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। विडंबना यह है कि डॉक्टरों की तैनाती का मामला विधायक डॉ. जनकराज उच्च न्यायालय तक ले जा चुके हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात नहीं बदले हैं।
भरमौर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध है, लेकिन रेडियोग्राफर की तैनाती न होने से इसका लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा। गर्भवती महिलाओं को जांच करवाने के लिए करीब 60 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता है। प्रतिदिन पांच से छह महिलाएं इस परेशानी से गुजरती हैं। दुर्गम क्षेत्र में लंबी दूरी तय करना उनके लिए अतिरिक्त मुश्किल खड़ी कर रहा है।
तीन से चार साल से नहीं भरे पद
स्वास्थ्य खंड में मेडिकल ऑफिसर के सात, स्टाफ नर्स के चार और फार्मासिस्ट के तीन पद खाली हैं। इसके अलावा चीफ फार्मासिस्ट, एएनएम, रेडियोग्राफर, ओटीए और लैब असिस्टेंट के पद भी रिक्त चल रहे हैं। कई पद तीन से चार साल से नहीं भरे गए हैं। स्वास्थ्य खंड में एक नागरिक अस्पताल, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 19 स्वास्थ्य उपकेंद्र संचालित हैं। इतने बड़े क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं कर्मचारियों की कमी से प्रभावित हो रही हैं।
बार-बार उठाया मुद्दा, अब न्यायालय में लगाई गुहार
भरमौर के विधायक डॉ. जनकराज ने बताया कि सरकार भरमौर और पांगी में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में गंभीरता नहीं दिखा रही है। डॉक्टरों की कमी को लेकर मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिले। इसी कारण डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करवाने के लिए उन्हें उच्च न्यायालय में याचिका दायर करनी पड़ी। उधर, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिवेश बराल ने बताया कि स्वास्थ्य संस्थानों में रिक्त चल रहे पदों के बारे में मुख्य चिकित्सा अधिकारी को अवगत करवा दिया गया है।
स्वास्थ्य खंड में रिक्त पदों का मामला केवल एक अस्पताल तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर पड़ रहा है। - केवल नांगला
डॉक्टरों के साथ नर्सिंग और फार्मेसी स्टाफ की कमी से कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त दबाव है। नियुक्तियां न होने से ग्रामीणों में भी नाराजगी है। - मदन शर्मा
जनजातीय क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए पर्याप्त चिकित्सक और तकनीकी स्टाफ होना जरूरी है। कर्मचारी न हों तो मरीजों को नहीं मिल पाता। - महिंद्र शर्मा