दुर्घटना बीमा के तहत खाताधारकों को दिए जा रहे हैं कई अहम लाभ
खाताधारक की दुर्घटना में मृत्यु पर मिलती है 10 लाख की आर्थिक मदद
जिले में 65 हजार लोगों ने खुलवाए खाते, छह मामलों में मिला बीमा कवर
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में डाक विभाग की इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक योजना आम लोगों के लिए संकट के समय बड़ी राहत साबित हो रही है।
आईपीपीबी में मुफ्त खाता खुलवाने पर खाताधारकों को दुर्घटना बीमा के तहत कई अहम लाभ दिए जा रहे हैं जिससे यह योजना तेजी से लोकप्रिय हो रही है। योजना के तहत यदि किसी खाताधारक की दुर्घटना में मृत्यु हो जाती है तो उसके परिजनों को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। स्थायी पूर्ण विकलांगता की स्थिति में भी 10 लाख रुपये का मुआवजा मिलता है। इसके अलावा अंतिम संस्कार के लिए 5 हजार रुपये और मृतक के पार्थिव शरीर को अस्पताल से घर तक लाने के लिए भी 5 हजार रुपये की सहायता दी जाती है।
इतना ही नहीं, दुर्घटना के कारण कोमा में जाने पर 50 हजार रुपये, अस्पताल में भर्ती होने पर 50 हजार रुपये, बच्चों की शिक्षा के लिए 50 हजार रुपये और परिजनों के अस्पताल तक पहुंचने के लिए 10 हजार रुपये की सहायता भी इस योजना में शामिल है। यह सभी लाभ केवल उन लोगों को मिलते हैं जिन्होंने आईपीपीबी में खाता खुलवाया हुआ है। जिले में अब तक करीब 65 हजार लोग इस योजना से जुड़ चुके हैं। लगभग छह मामलों में खाताधारकों या उनके परिजनों को दुर्घटना के दौरान इन लाभ का फायदा मिल चुका है।
डाक विभाग के अधीक्षक राजीव गुरूंग ने बताया कि आईपीपीबी में खाता खुलवाना बेहद आसान है। इच्छुक व्यक्ति नजदीकी डाकघर में जाकर आधार कार्ड, पैन कार्ड और फोटो के साथ खाता खोल सकते हैं।