कन्या और बाल विद्यालय सहित अन्य स्कूलों से करीब छह अध्यापकों ने किया दूसरे स्कूलों का रुख
प्रदेश सरकार की ओर से चयनित स्कूलों में सीबीएसई पैटर्न से इस साल शुरू करवाई जाएगी पढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से सीबीएसई बोर्ड मान्यता वाले सरकारी स्कूलों में अध्यापकों की हलचल बढ़ गई है। अध्यापक अब सीबीएसई पैटर्न से बचने के लिए ट्रांसफर का जुगाड़ लगा रहे है।
ऐसा बीते करीब तीन सप्ताह के भीतर देखने को मिला है। जिला मुख्यालय सहित अन्य उपमंडलों के चुनिंदा सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड की मान्यता मिली है। ऐसे में ये शिक्षक अब पहले से ही जुगाड़ लगाने में जुट गए हैं। शहर के कन्या और बाल विद्यालय समेत अन्य सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूलों से करीब आधा दर्जन अध्यापकों ने अन्य स्कूलों में तबादला करवा लिया है। खास बात यह है कि जिन स्कूलों में तबादला इन शिक्षकों ने करवाया है, वे हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्ध हैं। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी स्कूलों को सीबीएसई बोर्ड में परिवर्तित किया गया है। जिले के सात स्कूल इस सूची में शामिल हैं। सीबीएसई पैटर्न में पढ़ाई अब इन स्कूलों में शुरू होगी।
उधर, उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने बताया कि सीबीएसई स्कूलों में परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अध्यापकों की तैनाती होगी। टेस्ट पास कर आने वाले शिक्षकों की तैनाती के बाद अन्य शिक्षकों के तबादले भी होंगे। इसी को लेकर कुछेक शिक्षकों ने हाल ही में अपना तबादला अन्य स्कूलों में करवाया होगा।