बनीखेत (चंबा)। जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेला महिला एवं पुरुष क्रिकेट प्रतियोगिता में मंगलवार को खेले गए दो मुकाबलों में एचपीसीए वॉरियर्स और एचपीसीए टाइटंस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के बेहतरीन खेल की बदौलत दोनों टीमों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर एकतरफा जीत हासिल की। इस प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें महिला और पुरुष खिलाड़ी एक साथ ही खेलते हैं।
पहले मुकाबले में एचपीसीए वॉरियर्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित ओवरों में 216 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से युगल ने 39 गेंदों में 86 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि यश ने 39 रन का योगदान दिया। बनीखेत वॉरियर्स की ओर से अरफाज ने दो विकेट हासिल किए।
217 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनीखेत वॉरियर्स की टीम 123 रन पर सिमट गई। एचपीसीए वॉरियर्स के गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। अनन्या ने तीन विकेट झटके, जबकि युगल ने दो विकेट लेकर ऑलराउंड प्रदर्शन किया। एचपीसीए वॉरियर्स ने यह मुकाबला 93 रन से अपने नाम किया।
दूसरे मुकाबले में एचपीसीए टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206 रन बनाए। टीम की ओर से ईशांत ने 57 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अमन ने 25 रन जोड़े। बनीखेत नाइटराइडर्स के किंशुल सबसे सफल गेंदबाज रहे और तीन विकेट अपने नाम किए।
207 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बनीखेत नाइटराइडर्स की टीम 139 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से वीर ने सर्वाधिक 37 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं कर सके। एचपीसीए टाइटंस की ओर से सान्वी ने घातक गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।